गावां, गिरिडीह
गावां प्रखंड अंतर्गत बिश्नीटीकर गांव में शनिवार को भाकपा माले द्वारा बैठक कर लोकल कमिटी का गठन किया गया। जिसमें मुख्यरूप से धनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव उपस्थित थे। बैठक में सर्वसम्मति से प्रदीप कुमार यादव को सचिव के पद पर चुना गया।
बैठक के दौरान पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कालाधन वापस लाने, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार कम करने व किसानों की आय दोगुनी, महिलाओं की सुरक्षा आदि से जुड़े जो वादे करके भाजपा सरकार केंद्र की सत्ता में आई, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं हुआ।
कहा कि देश का रुपया रसातल में चला गया, भुखमरी से लड़ने के प्रयासों में देश और भी नीचे चला गया। कुल मिलाकर 9 साल बेमिसाल का दंभ भरने वाली मोदी सरकार ने दरअसल 9 साल में इस देश को बदहाल और जनता को बेहाल करके रख दिया है।
उन्होंने कहा कि कोडरमा लोकसभा से महागठबंधन से भाकपा माले को टिकट दिया जाता है तो भाजपा को परास्त करने में सफल रहेगी। 2024 में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने की जरूरत है। जिसे लेकर गांव गांव में कमिटी का गठन किया जा रहा है।
मौके पर संजय यादव, छोटन राम, राजेन्द्र राम, रंजीत यादव, मोती तुरी, पिंटू कुमार, ब्रजेश यादव, नकुल यादव, शांति देवी, आरती देवी, अभिलेश यादव समेत कई लोग उपस्थित थे।