देवरी, गिरिडीह
जमुआ विधानसभा के पूर्व विधायक स्व बलदेव हाजरा के पुत्र व झामुमो के कद्दावर एवं गरीबों के चहेते नेता प्रदीप हाजरा का 48 वर्ष उम्र में स्वर्गवास हो गया। उनका निधन सोमवार की सुबह रांची स्थित पारस अस्पताल में इलाज के दौरान हुआ था।
बता दें स्व प्रदीप हाजरा देवरी प्रखंड के जमड़ीहा बागी गांव के निवासी थे। उनकी तबीयत तीन-चार दिनों से अत्यंत खराब थी। डाक्टर ने उन्हें लिवर व किडनी के बीच स्टोन हो जाने की बात कही थी। इसे लेकर रांची के पारस अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान रविवार रात को अचानक स्थिति और भी गंभीर हो गई और सोमवार को उन्होंने अपना दम तोड़ दिया।
आपको बता दें कि बीते 11 अप्रैल को अपने पिता पूर्व विधायक के 9 वीं पुण्य तिथि पर उनके द्वारा पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने का शपथ लिया था। लेकिन शायद यह उनकी किस्मत को मंजूर नहीं था। उनके सारे सपने धरे के धरे गए और असामयिक इस दुनिया से वह विदा हो गए।
इधर उनके परिजन शव को लेकर पैतृक गांव जमडीहाबागी पहुंचे और घटना की खबर सुनते ही पूरे क्षेत्र से लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और रोते बिलखते परिजनों को देख सबकी आंखे नम हो गईं। पूरे जमुआ विधानसभा क्षेत्र ही नहीं पूरे झारखंड में उनके निधन की सूचना से लोग अचंभित हैं।
उनके निधन पर कोडरमा के पूर्व सांसद तिलकधारी प्रसाद सिंह, गिरिडीह विधायक सुदीब्य कुमार सोनू, जमुआ विधायक केदार हाजरा, जिप अध्यक्ष मुनिया देवी, आप पार्टी के जिला अध्यक्ष कृष्ण मुरारी शर्मा, पूर्व विधायक निजामुद्दीन अंसारी, झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह, नेता शाहनवाज अंसारी, भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक उपाध्याय, गांडेय पूर्व विधायक जयप्रकाश वर्मा, देवरी प्रमुख प्रतिनिधि अजय कुमार राय, कांग्रेस नेत्री डॉ मंजू कुमारी, पूर्व विधायक राजकुमार यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष धनंजय सिंह, जीप सदस्य विनय शर्मा, विमल कुमार सिंह, उस्मान अंसारी, बीस सुत्री उपाध्यक्ष धोकल दास, जिप सदस्य नारायण पांडेय, भाजपा नेता बिरेंद्र तिवारी, माले नेता अशोक पासवान, जमुआ पूर्व प्रमुख सोनी चौरसिया, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मनोज राय, भाजपा नेता मनीष चौधरी सहित कई राजनीतिक दलों के नेता, समाजसेवी, पंचायत प्रतिनिधि समेत सैकड़ों लोगों ने उनके आवास पहुंच कर शोक व्यक्त किया और परिजनों को ढाढस बंधाया। वहीं हजारों की संख्या में लोग उनके अंतिम यात्रा में लोग शामिल हुए।