Bihar: गोपालगंज में किशोरियों की "गीता ग्रुप " करेगी एनीमिया के लिए लोगों को जागरूक


गोपालगंज, बिहार 
रिपोर्ट : सत्य प्रकाश


गोपालगंज जिले में एनीमिया मुक्त अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तर पर स्वास्थ्य विभाग तथा सहयोगी संस्थाओं के द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है। 
इसी कड़ी में गोपालगंज जिला अंतर्गत हथुआ प्रखंड के फतेपुर पंचायत के सतई गांव के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बिहार वॉलेन्टरी हेल्थ ऐसोसिएशन एवं अल्केम एनीमिया मुक्ति अभियान की ओर से किशोरियों के साथ बैठक की गयी।  

बैठक से पहले किशोरियों ने राष्ट्रीय गीत के माध्यम से अभियान को आगे बढ़ाया । विद्यालय के प्रधानाध्यापक जितेंद्र महतो ने सभी किशोरियों को एनीमिया के बारे में ध्यान से समझने के लिए अपील की। बिहार वॉलेन्टरी हेल्थ ऐसोसिएशन के प्रखंड समन्वयक धर्मेंद्र कुमार ने एनीमिया के बारे में विस्तार पूर्वक चर्चा की।  

एनीमिया क्या है, इसके लक्षण क्या हैं। अधिकांश महिलाओं एवं किशोरियों में एनीमिया की बीमारी क्यों पायी जाती है। 
इसकी जानकारी विशेष रूप से दी गयी। उसके बाद सभी को पोषण के बारे में बताया गया। विटामिन, प्रोटीन , कैल्शियम के बारे विस्तार पूर्वक जानकारी दी गयी। किस किस चीज को खाने से विटामिन, प्रोटीन मिलता है, इसकी जानकारी विशेष रूप से दी गयी। इस दौरान नियमित टीकाकरण के बारे में भी जानकारी दी गयी। पांच साल में सात बार टीका लगने से बारह ऐसी जानलेवा बीमारी से बचाया जाता और कुपोषित बच्चे के बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया। अगर जो भी कुपोषित बच्चे हैं उन्हें एनआरसी भेजना है।