Jharkhand: हेमंत सोरेन ने रांची एयरपोर्ट पर जगरनाथ महतो के पार्थिव शरीर को दिया कंधा, आज होगा अंतिम संस्कार


रांची

झारखंड के दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का पार्थिव शरीर चेन्नई से रांची पहुंच गया है. उनके पार्थिव शरीर को यहां एयरपोर्ट से विधानसभा परिसर ले जाया गया। झारखंड विधानसभा परिसर में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित मंत्रियों और विधायकों ने दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। सीएम सोरेन उन्हें अपना बड़ा भाई मानते थे। मुख्यमंत्री ने कल उनके जाने के गम में अपनी भावनाओं को शब्दों में बयां करने की कोशिश की और कहा कि सरकार में मंत्री होने के अलावा वे बड़े भाई और अभिभावक की भूमिका में भी हैं जो गलती होने पर डांटते थे और कभी कभी पीठ भी थपथपाते थे। टाइगर के नाम से मशहूर जगरनाथ दा ने अपने संघर्ष, कर्तव्य के प्रति समर्पण, सादगी और विचारों की स्पष्टता के कारण अपनी विशेष और विशिष्ट पहचान बनाई।

ज्ञात हो कि झारखंड के दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का कल सुबह निधन हो गया था। चेन्नई में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। गौरतलब है कि उनकी तबीयत काफी दिनों से खराब चल रही थी। उनके जाने से सिर्फ राजनेता ही नहीं बल्कि आम जनता भी दुखी है। जगरनाथ महतो के आकस्मिक निधन पर राज्य में दो दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया गया है। इस दौरान स्कूल, कॉलेज, कार्यालय आदि बंद रहेंगे।