साहिबगंज
झारखंड के साहेबगंज जिले में एक बार फिर असामाजिक तत्वों ने आपसी सौहार्द और धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश में शहर के पटेल चौक स्थित एक मंदिर में स्थापित बजरंगबली की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। जैसे ही लोगों की नजर भगवान की खंडित मूर्ति पर पड़ी, यह खबर पूरे शहर में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते हजारों हिंदू संगठन एकत्रित हो गए और आक्रोशित लोगों ने 3 घंटे से अधिक समय तक एनएच 80 को जाम कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस व प्रशासन के अधिकारी आक्रोशित लोगों को शांत कराने पहुंचे।
इस दौरान आक्रोशित युवकों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। जिस पर काबू पाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज करना पड़ा। जिससे भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई। पुलिस के लाठीचार्ज से गुस्साए कुछ युवकों ने नॉर्थ कॉलोनी के जिंदा पीर मजार पर पथराव कर दिया, इस दौरान जिंदा पीर मजार में मौजूद मौलवी समेत कई लोग घायल हो गए, जिसके बाद दोनों समुदायों के बीच तनाव बढ़ गया।
जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। साहिबगंज जिला उपायुक्त रामनिवास यादव और साहिबगंज जिला एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा ने दोनों पक्षों के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए तनावपूर्ण क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। प्रशासन ने खंडित मूर्ति को ठीक कराने के साथ ही तोड़ फोड़ करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर कार्रवाई करने का आदेश दिया है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर असामाजिक तत्वों की पहचान शुरू कर दी है।
मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान हुआ था पथराव
बता दें कि 2 दिन पहले साहेबगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के कुलीपाड़ा मोहल्ले में शनिवार की शाम चैती दुर्गा पूजा के मूर्ति विसर्जन जुलूस पर एक पक्ष द्वारा पथराव को लेकर दोनों समुदायों में तनाव बढ़ गया था। पथराव के दौरान स्थिति को नियंत्रित करने पहुंचे सदर एसडीओ राजेंद्र दुबे, कुछ पुलिसकर्मियों सहित एक दर्जन लोग घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने 30 नामजद समेत 150 से 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
साहेबगंज जिले में दो समुदायों के बीच आपसी सौहार्द बिगाड़ने और धार्मिक उन्माद फैलाने का असामाजिक तत्वों द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है। साहेबगंज जिले में एक के बाद एक हुई दो घटनाओं से स्थिति तनावपूर्ण हो गई है, हालांकि स्थिति पुलिस के नियंत्रण में है। संवेदनशील जगहों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, प्रशासन ने इलाके में अस्थायी रूप से इंटरनेट सेवा बंद कर दी है।