गोपालगंज, बिहार
रिपोर्ट : सत्य प्रकाश
गोपालगंज में मुख्यमंत्री के सात निश्चय योजना के तहत नगर परिषद के सभी 28 वार्डों में नल का जल पहुंचाना था। इस प्रयोजनार्थ सरकार द्वारा वार्ड नंबर 1 से 10 तक ₹15 करोड़ में कार्य एजेंसी बुडको एवं वार्ड 11 से वार्ड 28 तक लगभग ₹10 दस करोड़ में 6 संवेदकों को स्वच्छ नल का जल पहुंचाने हेतु निविदा दी गई थी। लगभग छः वर्ष के बाद भी शहर केे घरों में नल जल का पाइप नहीं पहुंच पाया है। तकरीबन ₹24 करोड़ खर्च करने के बाद भी शहर के किसी भी वार्ड में नल जल की आपूर्ति नहीं हो पाई है।
इस योजना में गड़बड़ी एवं सभी के घरों तक पानी पहुंचाने को लेकर हम पार्टी के जिला अध्यक्ष पंकज सिंह राणा ने लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी गोपालगंज के न्यायालय में परिवाद दायर किया है। इस परिवाद पर सुनवाई करते हुए जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी संजय कुमार ने सभी पक्षों को सुनते हुए पूरे मामले की जांच हेतु अनुमंडल पदाधिकारी गोपालगंज एवं कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल गोपालगंज को आदेश दिया है।
हम जिला अध्यक्ष पंकज सिंह राणा ने बताया कि यह मुख्यमंत्री के सात निश्चय योजना में शामिल है तथा सरकार की प्राथमिकता सूची में है। करोड़ों रुपए खर्च करने के बावजूद लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंचना योजना के कार्यान्वयन में भ्रष्टाचार को दर्शाता है। साथ ही शहर में बने नल जल की टंकी शोभा की वस्तु बनी हुई है। किसी भी टंकी से पिछले छः वर्षों में पानी की आपूर्ति नगर वासियों को नहीं की गई है।