बगोदर, गिरिडीह
बगोदर थाना क्षेत्र के नावाडीह के ग्रामीणों द्वारा बगोदर में लाठी मार्च निकाला गया है। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई है। बता दें, नावाडीह के धनेश्वर महतो हत्याकांड के अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों द्वारा यह लाठी मार्च निकाला गया।
जानकारी देते हुए परमेश्वर महतो ने कहा कि हत्या के 1 माह बीतने को हैं, किंतु प्रशासन द्वारा अब तक अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। धनेश्वर महतो के परिजनों के द्वारा बगोदर थाने में घटना के बाद हत्या का मामला दर्ज करवाया गया था, मगर पुलिस अभियुक्तों को अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि महिलाएं हाथ में लाठी लिए हैं और अब वह चुप नहीं बैठेगी। जब तक अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं होती है, आंदोलन और तेज किया जाएगा।
साथ ही कहा कि 2 दिन पूर्व जमुनिया नदी के किनारे बाराघाट निवासी अनिल यादव का भी शव संदिग्ध हालत में मिला था। लेकिन यह मामला भी पुलिस के नजर में ठंडे बस्ते में चला गया है। वहीं कार्यक्रम समाप्ति के पूर्व झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उनके चित्र पर सभी ग्रामीणों ने बारी बारी से पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि भी दिए।
विगत हो कि नावाडीह के धनेश्वर महतो सहिया के यहां होली होली के दिन गया हुआ था और उस रात वह वहीं रह गया था। अगले दिन संदेहास्पद स्तिथि में उनका शव सुबह में देखा गया था। लाठी मार्च में संदीप जयसवाल, पवन महतो, पूर्व जिला परिषद सरिता महतो, पूर्व प्रमुख मुस्ताक अंसारी, कोलेश्वर महतो, पूरण कुमार महतो समेत काफी संख्या में महिला-पुरुष शामिल थे।