सरिया, गिरिडीह
रिपोर्ट : राज रवानी
सरिया में रविवार को भाकपा माले सबलपुर पंचायत का चौथी लोकल कमिटी सम्मेलन सम्पन्न किया गया। सम्मेलन की शुरुआत में पार्टी का झंडा फहराया गया। इसके बाद पार्टी के शहीद व दिवंगत साथियों की याद में दो मिनट का मौन धारण कर एवम शहीद बेदी पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धाजंली दी गयी। कार्यक्रम की अध्यक्षता व संचालन चंद्रिका सिंह कर रहे थे, जबकि सम्मलेन में बतौर पर्यवेक्षक आरवाईए जिलाध्यक्ष सोनु पांडेय मौजूद रहे। वहीं सम्मलेन के मुख्य अतिथि के रूप में भाकपा माले विधायक विनोद कुमार सिंह मौजूद थे।
सम्मलेन के उद्घाटन संबोधन में संबोधित करते हुए बगोदर विधायक ने कहा कि जैसे किसी वृक्ष को वृक्ष उसके पत्ते उसके तने उसकी डालियां बनाती है, ठीक उसी तरह किसी भी संगठन का रीढ़ उसके कार्यकर्ता होते है। उसकी शाखाएं होती है। उसकी कमिटीयां होती है। इन सबसे मिलकर कोई संगठन तैयार होता है। आगे उन्होंने केंद्र सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि आज सबलपुर पंचायत का सम्मेलन ऐसे दौर में हो रहा है, जब पूरे देश मे फासीवाद को सत्ता के जरिये थोपा जा रहा है।
महंगाई, बेरोजगारी से पूरे देश में त्राहिमाम मचा हुआ है और अगर इन सब के खिलाफ कोई आवाज उठाए तो उसे देशद्रोही करार दे दिया जाता है। संविधान को ताख पर रखकर मनुस्मृति के हवाले से देश को चलाने की साजिश चल रही है। उसी का नमूना था कि देश के नए संसद भवन के उद्घाटन तक में माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को शामिल तक नही किया गया। सेंगोल रूपी छड़ी को हाथ मे लेकर प्रधानमंत्री ऐसे चल रहे थे, मानों किसी राजा का राज्याभिषेक हो रहा हो।
बालासोर में रेलवे की लापरवाहियों के कारण सैकड़ों लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा, पर उस हादसे की नैतिक जिम्मेवारी लेने की बात तो छोड़िए उल्टे आईटी सेल के जरिये सरकार और रेल मंत्री का महिमा मंडन करने में पूरी सरकार और सरकार के तंत्र लग गए। रोजगार के अवसर एक बाद एक समाप्त होते जा रहे हैं। सरकारी संस्थानों का निजीकरण किया जा रहा है। वर्षों से अर्जित की हुई संपत्ति को कॉरपोरेट के हाथों नीलाम किया जा रहा है।
आगे उन्होंने कोडरमा सांसद पे निशाना साधते हुए कहा कि बगोदर की जनता ने झोला भर भर कर वोट देकर अन्नपूर्णा देवी को सांसद बनाया, फिर वो केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री मनोनीत की गई, पर हाल वही ढाक के तीन पात। एक भी पहलकदमी उनकी इलाके के शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर कहीं भी दिखाई नही पड़ी। मंत्री सिर्फ नेम प्लेट तक ही सीमित रह गया। ये इलाके का दुर्भाग्य नही तो और क्या है। बगोदर विधायक ने सम्मेलन की सफलता की शुभकामनाएं दी।
अंत मे सम्मेलन ने पार्टी संविधान के अनुरूप चलते हुए 23 सदस्यीय लोकल कमिटी का निर्माण किया और सर्वसम्मति से धानेश्वर पासवान को सचिव व हीरालाल मिर्धा को कमिटी का उपसचिव चुना। मौके पर परमेश्वर वर्मा, संजीत वर्मा, बेबी देवी, अविनाश सिंह, सादिक अंसारी, रज्जाक अंसारी, बलदेव पासवान, बहादुर वर्मा, जानकी ठाकुर, भोला पांडेय,vविजय राय, रज्जाक अंसारी, तफ़्फ़ज़्जुल अंसारी आदि लोग मौजूद थे।