सरिया, गिरिडीह
रिपोर्ट : राज रवानी
मणिपुर-मेरठ के बाद अब झारखंड के गिरिडीह में महिला संग दरिंदगी की घटना सामने आई है। यहां बुधवार की रात भीड़ ने दलित महिला को निर्वस्त्र कर पेड़ से बांधकर पीटा है। मुंह में कपड़ा बांधकर घसीटते हुए आरोपी उसे दूर जंगल में ले गए। हैरान करने वाली बात तो यह है कि ऐसा करने वालों में कुछ महिलाएं भी शामिल थीं।
बता दें, सरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की रात एक दलित महिला को निर्वस्त्र कर पेड़ से बांध कर पिटाई कर दिया गया। महिला को घसीटकर सबसे पहले सभी लोग जंगल में ले गए, जिसके बाद घंटों महिला पेड़ में बंधी रही। पुलिस इस मामले में महिला के बयान के आधार पर दो लोगो को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वारदात से बुरी तरह से जख्मी महिला का इलाज सरिया के एक अस्पताल में किया जा रहा है।
पीड़ित महिला ने पत्रकारों को बताया कि बुधवार की रात अचानक कुछ पुरुष और महिला उनके घर पर आए और जबरन कपड़े से मुंह बांधकर उसे घर से लगभग 500 मीटर दूर जंगल की ओर ले गए। वहां एक पेड़ से बांधकर उस पर लात-घुसे बरसाने लगे। इसी दौरान उसे पूरा निवस्त्र कर दिया गया।
पुलिस ने आकर तन पर डाले कपड़े
बताते चलें मारपीट की घटना के बाद महिला बेहोश हो गई। मामले की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। इसके बाद सरिया पुलिस महिला को अपनी सुरक्षा में लेकर उसके शरीर पर कपड़े डाले और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वही घटना के कारण के बारे में पीड़ित महिला कुछ स्पष्ट नहीं बता पाई, लेकिन उसने बताया कि कुछ दिन पूर्व आरोपी लोगों से कुछ बात को लेकर गाली-गलौज हुआ था। संभावना है कि उसी बात को लेकर यह घटना हुई है।