Giridih: संदेहास्पद स्थिति में मिला महिला का शव, जांच में जुटी बेंगाबाद पुलिस



बेंगाबाद, गिरिडीह

बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मुंडरी गांव में एक महिला का शव संदेहास्पद स्थिति में कमरे से मिला है। घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना की पुलिस महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है। इसके साथ ही महिला के ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की अहले सुबह उक्त गांव निवासी उत्तम रवानी की पत्नी प्रियंका कुमारी का शव संदेहास्पद स्थिति में घर के एक कमरे में खिड़की से बंधा मिला। घटना की सूचना ग्रामीणों ने महिला के मायके वालों व स्थानीय थाने को दी। जानकारी मिलने के बाद बेंगाबाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और महिला के शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके साथ ही मृतका के ससुर रामचंद्र रवानी को भी पुलिस हिरासत में लेकर पुछताक्ष कर रही है। 

बताया गया कि मृतका का विवाह लगभग 3 वर्ष पूर्व हुआ था। उसके बच्चे नहीं थे। वहीं मृतका का पति उत्तम रवानी हैदराबाद में रहकर मजदूरी का कार्य करता है। मामला हत्या का है या आत्महत्या का पुलिस पता लगाने में जुटी हुई है। हालांकि शव को देख कर ग्रामीणों के बीच ससुराल वालों द्वारा महिला का हत्या कर दिए जाने की चर्चा हो रही है।