Bhagalpur: बिहार की विधि व्यवस्था पर बोलने के पहले मणिपुर की घटना पर भाजपा बोले: अरुण यादव



भागलपुर, बिहार
रिपोर्ट : बालमुकुंद कुमार 

▪️बिहार में कानून का राज स्थापित है और रहेगा : अरुण यादव 

युवा राजद के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि बिहार के विधि व्यवस्था पर बोलने के पहले भाजपा शासित प्रदेश मणिपुर की घटना पर भाजपा नेता को बोलना चाहिए। भाजपा को भ्रष्टाचार और अपराध पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। क्योंकि भाजपा में सबसे ज्यादा भ्रष्ट नेता है और भाजपा शासित राज्यों में महाजंगल राज स्थापित है। 

श्री यादव ने कहा कि 80 दिनों से हिंसा की आग में मणिपुर जल रहा है। 150 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। मणिपुर में हिंसक भीड़ ने महिलाओं को निवस्त्र कर घुमाया। भाजपा के शासनकाल में जिस तरह की घटना घट रही है ऐसी घटना इतिहास में कभी नहीं घटी थी। फिर भी प्रधानमंत्री मौन है।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा नेताओं को अपराध पर बोलने के पहले एनसीआरबी के आंकड़ों को पढ़ना चाहिए। एनसीआरबी के अनुसार भाजपा शासित प्रदेश उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश, मणिपुर और हरियाणा की अपराध दर की तुलना में बिहार की स्थिति बहुत अच्छी है।बिहार में  कानून का राज स्थापित है और रहेगा।  

श्री यादव ने कहा कि बिहार में जबसे महागठबंधन की नई सरकार बनी है। और राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी एकता को देखकर भाजपा नेताओं की बैचेनी बढ़ गई है। बैचेनी और बौखलाहट में अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। भाजपा अभी तो बिहार से ही सत्ता से बाहर हुए है। आगामी लोकसभा चुनाव में  केंद्र की सत्ता से देश की जनता भाजपा को बाहर करने का काम करेगी l