तिसरी, गिरिडीह
तिसरी प्रखंड स्थित बरनवाल धर्मशाला में शुक्रवार को भाकपा माले ने जन कन्वेंशन कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से धनवार पूर्व विधायक राजकुमार यादव उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम में गावां तिसरी के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।
बता दें कार्यक्रम की शुरुआत सिद्धो कान्हों की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्पर्पित कर किया गया। इसके साथ ही इनके याद में दो मिनट का मौन रखा गया। उपस्थित वक्ताओं द्वारा स्वतंत्रता की लड़ाई में सिद्धो कान्हो एवं उनके भाई की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। बताया गया कि किस प्रकार अंग्रेजी हुकूमत से उन्होंने अपने जमीन जंगल व स्वतंत्रता की रक्षा में उन्होंने अपना सर्वस्व कुर्बान कर दिया।
इसके साथ ही अंग्रेजी सरकार से भाजपा की तुलना करते हुए वक्ताओं ने अपने विचार रखे। साथ ही भाकपा माले को जन जन की पार्टी बतलाया। इसके अलावा वन विभाग, पुलिस प्रशासन समेत अन्य विभागों में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ सभी को आगे आने को कहा गया।
मौके पर उपस्थित धनवार पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने बाबूलाल मरांडी एवं अन्नपूर्णा देवी के खिलाफ जम कर बरसे। साथ ही इन्हें भ्रष्टाचारियों एवं पूंजीपतियों का साथ देने वाला बताया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान में भाजपा सरकार अगर चाहती तो ढिबरा कब का चालू करवा देती किंतु यह कभी गरीबों का हित नहीं चाहते है। आज तक बाबूलाल विधायक व अन्नपूर्णा देवी सांसद बनकर थाना या ब्लॉक नहीं पहुंचे हैं और ना ही वे किसी भी गरीब के हित को लेकर आवाज बुलंद करना चाहते हैं। अगर उनमें हिम्मत है तो वह अपने पद के अनुसार थाना और ब्लॉक जाएं और आम जनता को हो रही परेशानी के खिलाफ आवाज उठाकर दिखाएं। लेकिन ऐसा हो नहीं सकेगा क्योंकि ये खुद भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का काम करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा, बाबूलाल मरांडी, अन्नपूर्णा देवी समेत ब्लॉक, थाना एवं वन विभाग के खिलाफ कई आरोप भी लगाए।
कार्यक्रम के अंत में भाकपा माले का मार्च निकाला गया जो तिसरी चौक पहुंच कर एक सभा में तब्दील हो गया। सभा को संबोधित करते हुए श्री यादव एवं जयनारायण यादव ने भाजपा की खामियों को गिनाया। साथ ही लोगों से माले का दामन थाम कर अपनी आवाज को बुलंद करने की अपील की गई। कार्यक्रम को नागेश्वर यादव, कन्हाई राम, अशोक मिस्त्री समेत अन्य कई सदस्यों ने भी संबोधित किया।