गिरिडीह
शहर के झंडा मैदान स्थित विवाह भवन में सोमवार को भाजपा की ओर से विधानसभा कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक हुई। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश उपस्थित थे। बैठक के दौरान भाजपा के जिला अध्यक्ष महादेव दुबे ने मुख्य अतिथि का स्वागत अंगवस्त्र देकर किया।
बैठक में पूर्व शिक्षा मंत्री चंद्रमोहन प्रसाद, जमुआ विधायक केदार हाजरा, पूर्व विधायक निर्भय कुमार शाहबादी, नागेंद्र महतो, प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुरेश साव, चुन्नूकांत, नुनूलाल मरांडी, पूर्व मेयर सुनील पासवान, पूर्व उप महापौर प्रकाश सेठ, सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव, कामेश्वर पासवान, विनय सिंह,पूनम प्रकाश, प्रो0 विनीता कुमारी, संगीता सेठ, शालिनी वेसखियार सहित सभी मंडल अध्यक्ष व कार्यकर्ता मौजूद थे। बैठक मदान में आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि देश की सबसे बड़ी पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष का 22 जून को गिरिडीह की धरती पर आगमण होने जा रहा है, यह हम सभी के लिए गौरव का क्षण है। इस दिन को ऐतिहासिक बनाने की जिम्मेवारी हम सभी पार्टी कार्यकर्ताओं के ऊपर है। कहा कि किसी भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए वातावरण का निर्माण करना आवश्यक होता है। इसीलिए यहां उपस्थित विधानसभा के नेता व कार्यकर्ता यह तय करें कि हमें अपने मंडल और क्षेत्र से कैसे अधिक से अधिक संख्या में लोगों को कार्यक्रम स्थल तक लाना है।
कहा कि सेवा-सुशासन और गरीब कल्याण का 9 साल का कार्यकाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रहा है। जिसे देखते हुए पार्टी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे महा जनसंर्पक अभियान के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरिडीह आ रहे है। उन्होंने कहा कि महा जनसंपर्क अभियान को लेकर 9 साल के कार्यकाल में देश हित के लिए चलाई गई योजनाओं को केंद्रीय अध्यक्ष बताएंगे। कहा कि हम सभी के प्रयास और जनता जनार्दन के आशीर्वाद से एक बार फिर से 2024 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है।