Giridih: संदेहास्पद स्थिति में महिला की हुई मौत, जांच में जुटी गावां पुलिस



गावां, गिरिडीह

गावां थाना क्षेत्र के बिश्नीटीकर गांव में एक महिला की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई है। इसे लेकर मृतका के परिजनों ने ससुरलवालोंं पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं गावां पुलिस महिला के पति को अपने हिरासत में लेकर जांच में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार बिश्नीटीकर निवासी 25 वर्षीय कोलेश्वर यादव की 22 वर्षीय पत्नी इंदु देवी का संदेहास्पद परिस्थित में मौत हो गया। बताया गया कि मृतका को कार में लेकर ससुराल वाले कहीं जा रहे थे। इसी बीच ग्रामीणों के सहयोग से वाहन को रोक कर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने के बाद महिला को लेकर गावां अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए महिला के परिजनों ने बताया कि उन्होंने बेटी का विवाह ढाई वर्ष पूर्व कराया था। कुछ माह तक सब कुछ ठीक ठाक चलता रहा किंतु उसके बाद से दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। इसे लेकर कई बार पंचायत भी की गई किंतु स्थिति वैसी ही बनी रही। आज भी बेटी के साथ पति का खाना को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसके पति ने उसकी हत्या कर दी।

वहीं इस संबंध में नोडल पुलिस पदाधिकारी डीएसपी संजय राणा ने बताया कि महिला कि मौत जहर से हुई है। अभी तक महिला के परिजनों द्वारा कोई लिखित शिकायत नहीं किया गया है। अगर परिजनों द्वारा आवेदन दिया जाता है तो आगे की कार्यवाही की जाएगी।