Jharkhand: सोशल मीडिया पर विवाहिता को हुआ विदेशी से प्यार, प्रेमी निकला ठग, करवाया गिरफ्तार


रांची

विवाहिता से ठगी के आरोप में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से गिरफ्तार मोरिस सिल्वर (43 वर्ष) को बरियातू पुलिस ने शनिवार शाम न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मॉरिस का वर्तमान पता हाउस नंबर 2 मोहन गार्डन द्वारका है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल, एक घड़ी, दो चाबियां और एक पासपोर्ट बरामद किया है. वह टूरिस्ट वीजा पर भारत पहुंचा है। पुलिस ने घाना दूतावास को आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना दे दी है।

सोशल मीडिया पर होती थी चैटिंग

पुलिस के मुताबिक बरियातू थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला से एक व्यक्ति की दोस्ती सोशल मीडिया पर हुई थी. व्यक्ति ने खुद को एनआईआर बताते हुए महिला से कहा था कि वह मर्चेंट नेवी में कैप्टन है और वर्तमान में बाहर रहता है। धीरे-धीरे दोनों के बीच सोशल मीडिया पर चैटिंग होने लगी। इसके बाद महिला उसकी बातों पर पूरी तरह से विश्वास करने लगी। मामला धीरे-धीरे प्यार-मोहब्बत में बढ़ने लगा। इसके बाद वह व्यक्ति महिला को ठगने लगा। शख्स ने महिला को फोन पर बताया कि वह अभी जहाज पर निकला है। उसके माता-पिता की तबीयत खराब है।

करीब 1.50 लाख रुपये का भुगतान किया 

इलाज के लिए उसे तत्काल पैसों की जरूरत है। वह जल्द ही वापस आएंगे। फिर उसकी बातों पर विश्वास करते हुए महिला ने उसे करीब डेढ़ लाख रुपए दे दिए। इसके बाद महिला से फिर तरह-तरह का बहाना बनाकर और कभी मजबूरी कहकर रुपयों की मांग की गई। तभी महिला को लगा कि वह उसे ठगने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद महिला ने 24 अप्रैल 2023 को बरियातू थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी.

ठगी के आरोपी को फंसा कर करवाया गिरफ्तार 

इसके बाद महिला ने ठगी के आरोपी को फंसाने का प्लान तैयार किया। महिला आरोपी से बात करती रही। जब दोबारा महिला से पैसे की मांग की गई तो महिला ने कहा कि उसके पास अभी पैसे नहीं हैं। लेकिन उसके पास काफी जेवर हैं। महिला ने नकली सोने के जेवर की फोटो आरोपी को भेज दी और कहा कि अगर आपको चाहिए तो आकर ले सकते हैं। इसके बाद आरोपी किसी अन्य व्यक्ति के साथ एयरपोर्ट पहुंचा और महिला से संपर्क किया। इसके बाद महिला ने तुरंत बरियातू पुलिस को सूचना दी। पुलिस तुरंत वहां पहुंची और उसे पकड़ लिया।