झारखंड
जमशेदपुर पूर्वी से पूर्व मंत्री सह विधायक सरयू राय ने कहा है कि झारखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो चुकी है. यहां धारा 356 के तहत राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए। धनबाद पहुंचे श्री राय ने रविवार को प्रभात खबर से खास बातचीत में ये बातें कहीं। कहा कि प्रदेश के हर क्षेत्र में खनिज संपदा की लूट हो रही है। खासकर धनबाद, साहेबगंज, हजारीबाग, गिरिडीह, रामगढ़ में कोयला चोरी की जगह अब लूट हो रही है. इतने बड़े पैमाने पर खनिज संपदा की लूट से पता चलता है कि राज्य के प्रशासन पर मुख्यमंत्री का कोई नियंत्रण नहीं है।
प्रदेश के कई जिलों में बालू की लूट
पूर्व मंत्री सरयू राय ने कहा कि कई जिलों में बालू की लूट हो रही है. ऐसे मामलों में लगातार शिकायतें आ रही हैं। दुर्भाग्य की बात है कि अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। यहां कानून का राज नहीं है। राष्ट्रपति को दखल देना चाहिए। राष्ट्रपति शासन लगना चाहिए।
कांग्रेस के दबाव में हैं मुख्यमंत्री
श्री राय ने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा प्रतिबंधित पिस्टल रखने के मामले में जमशेदपुर पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करनी चाहिए और उन्हें गिरफ्तार करना चाहिए। जल्द ही डीजीपी और गृह मंत्रालय को पत्र लिखेंगे। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री पर कई गंभीर आरोप लगाए। कहा कि खुद को कमजोर बताने वाले मंत्री और उनके परिवार के सदस्यों के पास पांच-पांच हथियारों का लाइसेंस कैसे है। कहा कि वायरल वीडियो मामले में भी पुलिस द्वारा मंत्री के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। जो बता रहा है कि मुख्यमंत्री कांग्रेस के दबाव में हैं। कांग्रेस खुद यहां भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है। वह पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की तरह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का इस्तेमाल कर रही हैं।