गोपालगंज, बिहार
रिपोर्ट : सत्य प्रकाश
गोपालगंज जिले की नगर थाना की पुलिस ने सदर एसडीपीओ प्रांजल कुमार के नेतृत्व में छापेमारी कर पिछले महीने सुकुलवा नहर के पास से हथियार और चाकू के बल पर पिकअप वैन लूटने वाले चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने दी है।
उन्होंने बताया कि घटना 27 अप्रैल को हुई थी, जिसके बाद एसआईटी का गठन किया गया था। गठित टीम ने घटना के मुख्य आरोपी रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद रवि के निशानदेही पर उसके तीन साथियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार लिया है। साथ ही लूटी गई बोलेरो व पिकअप को पूर्वी चंपारण से बरामद किया गया है। वही पीड़ित का मोबाइल फोन और पिकअप वैन पर रखा हुआ दूध का कैन भी पुलिस ने बरामद किया है। गिरफ्तार लुटेरों ने बताया कि ये लोग पिक अप वैन को शराब तस्करी में इस्तेमाल करने के लिए लूटे थे।
साथ ही पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। इनमें एक आरोपी मोहम्मद सैयद इस्लाम उर्फ सैफ पश्चिम बंगाल के मालदा का रहने वाला है। जबकि पवन कुमार गिरी सिवान के रघुनाथपुर का निवासी है तथा रवि कुमार गोपालगंज के साधु चौक का रहने वाला है। एक अन्य गिरफ्तार विवेक कुमार सिंह सिवान के हुसैनगंज का निवासी है। उन्होंने बताया कि इन सभी आरोपियों के और भी अपराधिक इतिहास को पुलिस खंगाल रही है।
इन लोगों पर पहले से भी नगर थाना तथा मैरवा थाना में कुछ अपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें यह लोग फरार चल रहे थे। गिरफ्तार इन चारों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पश्चिम बंगाल के गिरफ्तार युवक आरोपी के अपराधिक इतिहास को पता करने के लिए गोपालगंज पुलिस ने पश्चिम बंगाल की पुलिस से भी संपर्क किया है और उससे बारे में अधिक जानकारी ली जा रही है।