Giridih: राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न मामलों से जुड़े करीब 82 हजार मामलों का हुआ निष्पादन



गिरिडीह

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा व्यवहार न्यायालय में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष वीणा मिश्रा, कुंटुब न्यायलय के न्यायधीश अरविंद पांडेय, उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, एसपी अमित रेनू, बार एसोसिएशन के सचिव चुन्नुकांत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

शनिवार को आयोजित लोक अदालत में मामलों के निष्पादन के लिए जहां 12 पीठों का गठन किया गया। जिसमें बैंक, सड़क हादसे, विद्युत विभाग, वन विभाग समेत उत्पाद विभाग, खाद्य सुरक्षा सहित सिविल मामलों से जुड़े कुल 82 हजार 500 सौ मामलों का निष्पादन किया गया। वहीं अलग-अलग विभागों को तीन करोड़ 94 लाख की राजस्व वसूली भी की गई। इस दौरान कई विभागों के द्वारा लाभुकों के बीच 90 करोड़ 55 लाख के परिसंपतियों का भी वितरण किया गया। जबकि मोटर वाहन क्लेम केस के कई मामलों के आश्रितों को चेक से मुआवजे की राशि दी गई।

मौके पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीणा मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि अब लोक अदालत के कारण अनावश्यक मुकदमों का बोझ तेजी से हट रहा है और न्यायलय भी इसी प्रयास में है कि न्यायलय से विभागों से जुड़े मामलों के मुकदमों का तेजी से निपटारा किया जाए। कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान कई मामलों का निष्पादन किया गया है और उम्मीद है इस बार भी लोक अदालत में पिछली बार से अधिक मामलों का निष्पादन किया जायेगा। कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ लगातार बैठके की जा रही थी।

राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में सदर एसडीएम विशालदीप खलको, डीएसपी संजय राणा समेत अन्य न्यायिक, प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों समेत न्यायलय कर्मियों का महत्पूर्ण योगदान रहा।