Birni: दहेज मुक्त झारखण्ड सेवा संघ के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ आदर्श विवाह



बिरनी, गिरिडीह 
रिपोर्ट : कृष्णा वर्मा

बिरनी प्रखण्ड के डबरसैनी चौक में बुधवार रात्रि वर-वधु के परिजनों द्वारा दहेज मुक्त आदर्श विवाह किया गया। यह आदर्श विवाह दहेज मुक्त झारखण्ड सेवा संघ के द्वारा आयोजित किया गया था। 

विवाह समारोह में दहेज मुक्त झारखंड सेवा संघ के राष्ट्रीय संस्थापक जितेंद्र वी यादव, राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेश कुमार वर्मा, राष्ट्रीय संरक्षक प्रणव कुमार वर्मा, सचिव सुरेंद्र प्रसाद वर्मा, जिला संगठन मंत्री पिंकू वर्मा, केंदुआ चन्द्रिका महतो, रमेश सिंह मौजूद रहे। 

जानकारी के अनुसार वर पक्ष बिहार के औरंगाबाद के रहने वाले हैं जो पश्चिम बंगाल कोलकाता में रहते हैं तथा वधु पक्ष झारखण्ड के गिरिडीह जिला अंतर्गत बिरनी प्रखण्ड के बोरोटोला निवासी डबरसैनी चौक में रहते हैं। दोनों पक्ष के परिजनों ने दहेज मुक्त आदर्श विवाह कर समाज व क्षेत्र में नाम रौशन किया है। 

बता दें, वर का नाम अभिषेक सिंह तथा वधु का नाम प्रीति कुमारी है। वर-वधु की शादी बड़े ही शांति व सादगी के साथ ग्रामीणों व संघ के पदाधिकारियों के समक्ष विधिवत सम्पन्न की गई तथा दोनों पक्ष को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विवाह के दौरान सभी रस्में निभाई गई। 

दहेज मुक्त विवाह को लेकर वर पक्ष के परिजन (दादा) अखिलेश सिंह ने कहा मैं अपने दो बच्चों की शादी वर्षों पूर्व भी दहेज मुक्त किया हूँ और आज भी अपने पोते का विवाह दहेज मुक्त कर रहा हूं। साथ ही उन्होंने कहा कि दहेज एक अभिशाप है, सभी को इससे बचना चाहिए। 

वहीं वधु के पिता सुरेंद्र कुमार वर्मा ने कहा संगठन से जुड़ने से मैं प्रभावित हुआ और उसी समय वचन लिया था कि अपने पुत्र-पुत्री की विवाह दहेज मुक्त करूंगा तथा समाज को एक बेहतर आयाम दूंगा तथा एक-दूसरे को भी दहेज मुक्त विवाह के लिए प्रेरित करूंगा। 

इस समारोह में कांग्रेस नेता वासुदेव प्रसाद वर्मा, खाद आपूर्ति विभाग के सांसद प्रतिनिधि प्रेमचन्द प्रसाद कुशवाहा, सांसद प्रतिनिधि महेंद्र यादव, 20 सूत्री अध्यक्ष इतवारी वर्मा, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष निरंजन राय, उप मुखिया मोहन वर्मा पवन विश्वकर्मा,राजेन्द्र वर्मा एवम महिला-पुरुष समेत हज़ारों लोग उपस्थित रहे।