Tisri: भालू के हमले से 2 महिलाएं हुई चोटिल, महुआ चुनने गई थी जंगल




तिसरी, गिरिडीह
रिपोर्ट : पिंटू कुमार

तिसरी प्रखंड के थानसिंहडिह पंचायत अंतर्गत खेतो जंगल मे महुआ चुनने के दौरान भालू ने अचानक हमला कर 2 महिलाओं को जख्मी कर दिया है। दोनों महिलाओं को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिसरी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए परिजनों ने बताया कि छोटू टुडू की पत्नी सरिता सोरेन व विजय टूटू की पत्नी जसमीता मुर्मू दोनों महुआ चुनने जंगल गई थी। इसी दौरान उन पर अचानक भालू हमला ने सरिता सोरेन पर हमला कर जख्मी कर दिया। वहीं उसकी गोतनी जसमीता मुर्मू जब उसे बचाने गई तो भालू ने उस पर भी हमला कर दिया। इसी बीच उन दोनों की शोर सुनकर आस पास महुआ चुन रहे लोग एकत्र हुए और उन दोनों को बचाया, जिससे उन दोनों की जान बच गयी। 

साथ ही उन्होंने बताया कि दोनों घायलों को इलाज के लिए ले जाने के लिए जब उन्होंने 108 एम्बुलेन्स के लिए फोन किया तो 2 घंटे बाद जाने की बात कही गई, जिसके पश्चात उन दोनों को निजी वाहन से तिसरी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां डॉक्टर ज्ञानेंद्र द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया और दोनो को वापस घर भेज दिया गया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रींकु बर्णवाल स्वास्थ्य केंद्र पहुँचे और घायलों का हाल चाल जाने।