Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन ने रिम्स में कई आधुनिक सुविधाओं का किया लोकार्पण, 173 चिकित्सा अधिकारियों व 297 आयुष सीएचओ को नियुक्ति पत्र भी सौंपा


रांची 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज रिम्स के सभागार में नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी चिकित्सा अधिकारियों और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के कंधों पर राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र की बड़ी जिम्मेदारी होगी। आज से वह सभी सरकार के अभिन्न अंग के रूप में कार्य करते हुए प्रदेश में स्वास्थ्य सेवा को और मजबूत करेंगे। ग्रामीण क्षेत्र के लोग हों या शहरी क्षेत्र के लोग, उनके स्वास्थ्य की रक्षा की जिम्मेदारी अब आपके हाथों में है। आप सभी जानते हैं कि प्रदेश के दूर-दराज के इलाकों में स्वास्थ्य की क्या स्थिति है, हो सकता है कि आपको अपने कर्तव्य के निर्वहन के दौरान हर दिन और हर बार कई चुनौतियों का सामना करना पड़े। आप इन चुनौतियों का सामना कैसे करते हैं, यह आप पर निर्भर करेगा।

उक्त बातें मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने आज रिम्स सभागार में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में अपने सम्बोधन में कहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारियों एवं आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने इन सभी नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारियों पर विश्वास जताते हुए कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी समर्पण, संकल्प और पूरी ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे. आप जहां भी तैनात हैं, वहां के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिले, इसके लिए आप सभी हमेशा प्रतिबद्ध रहेंगे।

आधुनिक तकनीकों से लैस मशीनों की स्थापना से यहां इलाज के लिए आने वाले मरीजों को मुहैया कराई जायेंगे बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने सभी चिकित्सा अधिकारियों से कहा कि आज से सरकार आपकी जिम्मेदारी ले रही है और आज से आपको इस राज्य के गरीब एवं दबे-कुचले लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा की जिम्मेदारी लेनी है। कहा कि इस तकनीकी युग में हम जैसे-जैसे तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां भी बढ़ रही हैं। आज चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र देने के साथ ही रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) परिसर में नवनिर्मित अकादमी भवन का उद्घाटन किया गया और कार्डियोलॉजी एवं रेडियोलॉजी विभाग की चार महत्वपूर्ण मशीनों का भी उद्घाटन किया गया। इन आधुनिक तकनीकों से लैस मशीनों की स्थापना से यहां इलाज के लिए आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जा सकेंगी। वैसे तो कई संगठन अपने स्तर पर स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम कर रहे हैं, लेकिन जब झारखंड की बात आती है, तो 70 से 80% लोग ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं और इन ग्रामीण लोगों को अभी भी सरकारी व्यवस्थाओं पर भरोसा है। हमारी सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में लोगों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

आने वाले समय में भी बड़ी संख्या में डॉक्टर, नर्स और अन्य पदों पर की जाएंगी नियुक्तियां

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार सभी वर्गों और समुदायों के लोगों को समान रूप से देखने का संकल्प लेकर कल्याणकारी सोच के साथ आगे बढ़ रही है। आज वह रिम्स परिसर के विभिन्न विभागों में नवीनतम तकनीक की मशीनें स्थापित कर रहे हैं, जिससे वह जरूरतमंद रोगियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य देखभाल प्रदान कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदूरवर्ती क्षेत्रों के ग्रामीण जहां रिम्स पहुंचने में समय लगाते हैं या रिम्स नहीं पहुंच पाते हैं, वहां के ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी अब सभी नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारियों के कंधों पर है। आने वाले समय में स्वास्थ्य के क्षेत्र में और भी कई महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ेंगी। आज सिर्फ शुरुआत है। कहा कि पहले भी उनकी सरकार ने बड़ी संख्या में आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र दिए थे और आज भी बड़ी संख्या में नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं।  आने वाले समय में भी बड़ी संख्या में डॉक्टर, नर्स और अन्य पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि दृढ़ संकल्प के साथ काम करते हुए हम सब मिलकर प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के सपने को साकार करेंगे।

173 चिकित्सा अधिकारियों और 297 आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को हुए नियुक्ति पत्र प्राप्त

इस मौके पर स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कोविड-19 के समय में झारखंड में बिना डरे और लोगों की जान बचाने के लिए धैर्यपूर्वक ऐतिहासिक कार्य किया है। वह अपनी ओर से मुख्यमंत्री जी को उनके कुशल नेतृत्व के लिए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से आज 173 चिकित्सा अधिकारियों और 297 आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्राप्त हुए हैं। डॉक्टर्स को लोग भगवान का दूसरा रूप मानते हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि झारखंड लगातार समृद्धि की ओर बढ़ रहा है। भविष्य में और बेहतर काम कर हमारी सरकार स्वस्थ झारखंड और समृद्ध झारखंड के सपने को साकार करेगी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता सहित अन्य अतिथियों ने राज्य से एनीमिया को जड़ से खत्म करने के संकल्प के साथ एनीमिया किट का शुभारंभ किया. इस अवसर पर नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।