गिरिडीह
गावां थाना क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च विद्यालय जमडार में पदस्थापित एक शिक्षक का शव संदेहास्पद स्थिति में कमरे में फंदे से झूलता मिला है। जानकारी के अनुसार मृतक की ड्यूटी परीक्षा में लगाई गई थी। मृतक वर्तमान में गिरिडीह के घोड़थम्बा ओपी क्षेत्र के बलहरा चौक के समीप एक किराए के मकान में अकेले रह रहा था। मृतक शिक्षक का नाम विनोद कुमार साव बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक हजारीबाग के बरकट्ठा का स्थानीय निवासी है। परीक्षा ड्यूटी करने के बाद आज सुबह फंदे से लटके शिक्षक का शव देखा गया। शव देखे जाने के पश्चात इसकी सूचना घोड़थम्बा ओपी पुलिस को दी गई। जिसके पश्चात मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर घटना की जांच पड़ताल में जुट गई। फिलहाल कारणों का स्पष्ट पता नही चल पाया है, किंतु लोगों में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं हो रही है। वहीं पुलिस अलग अलग दृष्टिकोण से जांच पड़ताल में लगी है। शिक्षक का शव मिलने की सूचना सुनकर शिक्षको में शोक की लहर है।