गिरिडीह
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की सदस्यता समाप्त किए जाने के विरोध में कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे जय भारत सत्याग्रह आंदोलन के तहत बुधवार को कांग्रेसियों ने समाहरणालय का घेराव किया। इस दौरान समाहरणालय के समक्ष जनसभा का भी आयोजन किया गया। जिसमें काफी संख्या में कांग्रेसी शामिल हुए। मौके पर काफी संख्या में युवा व महिलाए डुमरी मुख्य मार्ग से होते हुए जिला समाहरणालय पहुंचे और गेट को जाम कर दिया।
जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेसियों ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धनंजय सिंह ने कहा कि देश में हर स्तर पर विपक्ष के साथ पक्षपातपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। विपक्ष को समाप्त करने की साजिश की जा रही है। कहा कि भाजपा की कार्यशैली पूरी तरह से पीएम मोदी के हताशा को दर्शाता है। वर्ष 2024 में इस सरकार का पतन तय है और देश में एक नए उजाले की किरण आएगी। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि यह सरकार विपक्ष मुक्त देश, सवाल मुक्त संसद और लोकतंत्र मुक्त तानाशाही का निर्माण करना चाहती है। इसी वजह से एक फर्जी मुकदमे में राहुल गांधी को फंसा कर उनकी सदस्यता समाप्त कर दी गई ताकि विपक्ष की एकमात्र मुखर आवाज को दबाया जा सके।
जनसभा को कांग्रेस के प्रदेश कमेटी के सचिव नरेश वर्मा, गिरिडीह विधानसभा प्रभारी प्रमोद सिंह, गांडेय विधानसभा प्रभारी मनोज सहाय, महमूद अली खान, मनोज राय, महेश्वर इमाम, अशोक विश्वकर्मा, महेश भगत, प्रोफेसर मुकेश शाह, मोतीलाल शास्त्री, नाजो राय, रघुनंदन सिंह, मदन विश्वकर्मा, हसनैन अली, नेशाब अहमद सहित कई कांग्रेसियों ने संबोधित किया।