Deoghar: ग्रामीणों ने साइबर अपराधी को पकड़ने गई दिल्ली पुलिस पर किया हमला, 4 पुलिस कर्मी हुए घायल, हथकड़ी लगे आरोपी को भी छुड़ाया


देवघर

दिल्ली पुलिस रविवार रात देवघर के पथरौल के ठेगडीह में एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार करने पहुंची थी। आरोपी प्रमोद रवानी को पकड़कर जब पुलिस जाने लगी तो कुछ ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया। इस बीच ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को भी लाठी-डंडों से जमकर पीटा। ग्रामीणों की इस मारपीट में चार पुलिसकर्मी घायल हो गये। ग्रामीणों ने न केवल पुलिसकर्मियों की पिटाई की बल्कि हथकड़ी लगाए आरोपियों को छुड़ाकर भाग गए। माहौल देखकर उस वक्त पुलिसकर्मी वहां से चले गए। इस घटना में दिल्ली पुलिस के तीन और पथरौल पुलिस के एक पुलिसकर्मी घायल हो गये। इस मामले में पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में लिया है।

पुलिस साइबर आरोपित को भगाने वाले ग्रामीणों की कर रही है तलाश

स्थानीय पुलिस उन लोगों की तलाश कर रही है, जिन्होंने आरोपी साइबर अपराधी को भागने में मदद की। इस घटना में दिल्ली पुलिस के एसआई मोहित कुमार, हेड कांस्टेबल अंकित कुमार, कांस्टेबल दीपक कुमार और पथरौल थाने के हेड कांस्टेबल सिकंदर यादव घायल हो गए. हेड कांस्टेबल सिकंदर यादव के बयान पर पथरौल थाने में ग्रामीणों पर जानलेवा हमले की प्राथमिकी दर्ज की गयी है. दरअसल, दिल्ली के ज्योति नगर साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने साइबर आरोपी को बिहार के बेगूसराय से गिरफ्तार किया था. दिल्ली पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही थी। उनके इशारे पर दिल्ली पुलिस देवघर के पथरौल पहुंची थी।

एसपी ने कहा, की जाएगी कड़ी कार्रवाई  

दिल्ली पुलिस, स्थानीय पुलिस के सहयोग से, आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए उस स्थान पर गई थी, जहाँ घटना हुई थी। एसपी सुभाष चंद्र जाट ने कहा कि पुलिस के साथ बदसलूकी करने वालों ने आरोपी को पकड़ लिया जायेगा। इन सभी को गिरफ्तार किया जाएगा। देवघर पुलिस देर रात से इस पर काम कर रही है। सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।