Giridih: युवती को लेकर भागे 2 भाईयों को पुलिस ने दबोचा, युवती को किया बरामद, डेढ़ माह से रांची पुलिस कर रही थी तालाश


गिरिडीह

गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र स्थित न्यू परिसदन भवन से सोमवार की शाम गिरिडीह पुलिस ने युवती को भगा ले जाने वाले दो भाईयों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही युवती को बरामद कर उसे महिला थाना भेज दिया है। गिरफ्तार युवक गिरडीह नगर थाना क्षेत्र के बड़ा चौक के समीप रहने वाले तौहीद खान व साहेब खान है। जबकि युवती भी नगर थाना क्षेत्र के ही रहने वाली है।


जानकारी के अनुसार युवती पिछले डेढ़ महीने से लापता थी। इसे लेकर युवती के परिजनों ने रांची नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराया था। साथ ही तौहीद व साहेब के ऊपर युवती का अपहरण का आरोप भी लगाया था। जिसके बाद से पुलिस अब तक लापता युवती के साथ साथ दोनों भाइयों की भी खोजबीन कर रही थी।


बता दें इसी क्रम में सोमवार की देर शाम युवती को दोनों युवक अपने साथ लेकर गिरिडीह स्थित न्यू परिसदन भवन पहुंचे। जिसके पश्चात युवती ने मैसेज कर इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजनों ने युवती की सूचना नगर थाना पुलिस को दिए, जिसके पश्चात पुलिस ने दोनों भाइयों के साथ युवती को बरामद कर लिया।



इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी संजय राणा ने बताया कि गिरफ्तार दोनों युवक हाल ही में बलात्कार के मामले में छूटकर जेल से बाहर निकले हैं। इसके बाद फिर से उन दोनों के द्वारा एक युवती को भगा लिया गया था। युवती के परिजनों द्वारा रांची नगर थाना में दोनों युवकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। साथ ही उन्होंने बताया कि युवती को फिलहाल महिला थाना भेज दिया गया है साथ ही दोनों भाइयों को रांची पुलिस को सौप दिया जायेगा।