गिरिडीह
गिरिडीह जिले के तिसरी पुलिस ने लूटपाट में शामिल 3 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार की है। इसे लेकर शुक्रवार को पपवाटांड़ स्तिथ पुलिस कार्यालय में डीएसपी संजय राणा द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर पूरी जानकारी दी गई है।
एक दिन में दो लूट की घटनाओं को दिया गया था अंजाम
जानकारी देते हुए बताया गया कि दिनांक 05.03.2023 को रात लगभग 11 बजे धनवार थाना क्षेत्र के डोरण्डा निवासी विकाश कुमार पाण्डेय अपने दो साथी सत्रुधन भोक्ता एवं सुरेश कुमार तुरी के साथ गांवा मालडा से पूजा करवाकर वापस अपने घर ग्राम डोरण्डा मोटरसाईकिल से आ रहे थे। इसी क्रम में घंगरीकुरा (तिसरी) अंतर्गत अम्बा घाटी मे दो काले रंग के पल्सर मोटरसाईकिल से चार लोग पीछा कर घाटी में उन्हे रोक दिए। साथ ही कनपट्टी में पिस्टल सटाकर विकाश कुमार पाण्डेय का मोबाईल एवं 9000 रूपये, सत्रुधन भोक्ता से 5000 हजार रुपये एवं एक छोटा बटन वाला मोबाईल तथा सुरेश कुमार तुरी से 3300 रुपये लूट लिया गया था। इसी घटना के कुछ देर बाद डोरण्डा की ओर से आ रहे गांवा निवासी कुमोद कुमार सिंह एवं अभिषेक कुमार सिंह को चलती मोटरसाईकिल पर अचानक से पीछा कर दोनों के पास से दो मोबाईल एवं 6700 रुपया छीन लिया गया था। इन घटनाओं के आधार पर तिसरी थाना में कांड संख्या 17/2023 अंकित कर धारा 304 भा०द०वि० के तहत प्राथमिकी दर्ज किया गया था।
कांड के उद्भेदन को लेकर टीम का किया गया था गठन
बताया गया कि कांड के उदभेदन हेतु पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार एक टीम का गठन किया गया। टीम के द्वारा कांड अनुसंधान के क्रम में मानवीय एवं तकनीकी सूत्र के आधार पर लगातार छापेमारी कर घटना में शामिल चार अपराधियों में से लचकन निवासी नितेश कुमार पिता सुखदेव राम, सेवाढाब निवासी लालो कुमार राय पिता अरुण राय एवं सदीप कुमार यादव पिता महेन्द्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके साथ ही लूट की घटना में उपयोग किये गये एक देशी कट्टा, एक बिना नंबर के प्लसर मोटरसाईकिल एवं लूटे गये तीन मोबाईल को बरामद किया गया है।
जब्त हथियार को लेकर दर्ज की गई प्राथमिकी
साथ ही बताया गया कि अपराधियों के धर पकड़ के बाद उनसे कई अहम जानकारियां मिली है। वहीं पु०अ०नि० अभिषेक कुमार के बयान पर तिसरी थाना में कांड संख्या 22/2023 अंकित कर शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी भी दर्ज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नितेश कुमार का अपराधिक इतिहास भी रहा है और वर्ष 2021 में इसके खिलाफ तिसरी थाना में दो प्राथमिकी पहले भी दर्ज किया गया है।