ताजिकिस्तान में फंसे 18 मजदूरो की हुई सकुशल वतन वापसी



बगोदर, गिरिडीह
रिपोर्ट : अशोक कुमार

ताजिकिस्तान में फंसे झारखंड के 36 मजदूरो में 18 मजदूरों की ताजिकिस्तान से सकुशल वतन वापसी हुई है। सभी 18 मजदूर ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सोमन एयर से पिछले मंगलवार को दिल्ली पहुंचे। अपने वतन पहुंचे सभी 18 मजदूरों ने दिल्ली पहुंचने पर सबसे पहले ईश्वर का नाम लेते हुए अपने वतन की मिट्टी को चुमा और खुलकर सांस लिया।दिल्ली से कुछ मजदूर बस और कुछ मजदूर ट्रेन से अपने-अपने घर पहुंचे। मजदूरों ने वतन वापसी होने पर केंद्र और राज्य सरकार के साथ-साथ प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले सिकन्दर अली समेत सारे मिडिया का आभार प्रकट किया है।विगत हो कि झारखंड के गिरिडीह, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद जिले के 36 मजदूर जो बिष्णुगढ प्रखंड के खरना निवासी पंचम महतो के माध्यम से टीजीएम कंपनी में काम करने ताजिकिस्तान गये थे। जहां सभी मजदूर बुरी तरह से फंस गये थे। न ही उन्हें ठीक ढंग से खाना दिये जा रहा था न ही उन्हें वेतन दिया जा रहा था। इसी बीच मजदूरों ने पिछले 13 फरवरी को प्रवासी हित में कार्य करने वाले समाज सेवी सिकन्दर अली को सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो शेयर कर अपनी पीड़ा को साझा करते हुए वतन वापसी में सहयोग की अपील की थी। इसके बाद केंद्र एवं राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया। जिसके पश्चात मजदूरों का बकाया मजदूरी का भी भुगतान कराया गया और 18 मजदूर की वतन वापसी करायी गयी। लौटने वाले मजदूरों में गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड अंतर्गत तुकतुको के खिरोधर महतो, नागेश्वर चौधरी, रामदेव महतो, औरा के सुखदेव महतो, संतोष कुमार महुरी के गोवर्धन महतो, ढिबरा के जगरनाथ महतो, सरिया प्रखंड के अंतर्गत पिपराडीह के डुमरचंद महतो, डुमरी प्रखंड के अंतर्गत कुलगो के शंकर कुमार महतो, हजारीबाग जिले के बिष्णुगढ प्रखंड अंतर्गत गोविंदपुर के बालेश्वर महतो, नागी के महेन्द्र महतो, सारूकुदर के टुकामन महतो, नागेश्वर महतो, खरना के डेगलाल महतो, महेश महतो, बोकारो जिले के गोमियां प्रखंड अंतर्गत हुरलुंग के नारायण महतो, बालेश्वर महतो, अशोक कुमार, करतवारी के प्रकाश महतो शामिल हैं।वही दो मजदूर प्रकाश महतो एवं दिनेश महतो की वापसी पूर्व में हो चुकी हैं और अभी 16 मजदूरो का ताजिकिस्तान से वापसी होना बाकी हैं।