डुमरी, गिरिडीह
रिपोर्ट : प्रतीक बरनवाल (7209820540)
पारसनाथ महाविद्यालय इसरी बाजार में सोमवार को गृह विज्ञान विभाग के द्वारा सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में मुख्य रूप से कॉलेज के प्राचार्य मनोज मिश्रा उपस्थित रहे। गृह विज्ञान द्वारा आयोजित सेमिनार का विषय अच्छे स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार का महत्व था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य श्री मिश्रा ने कहा कि सक्रिय जीवन के लिए मनुष्य को उचित आहार एवं पर्याप्त पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। शरीर की आहार संबंधित आवश्यकताओं के तहत पोषक के तत्व की प्राप्ति के लिए अच्छे पोषण या उचित आहार का सेवन महत्वपूर्ण है। नियमित शारीरिक गतिविधियों के साथ पर्याप्त उचित एवं संतुलित आहार अच्छे स्वास्थ्य का आधार है। खराब पोषण से रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है तथा शरीर एवं मानसिक विकास कम होता है। इसीलिए सभी को संतुलित आहार और अच्छे आहार लेने की आवश्यकता होती है।
वहीं प्रोफेसर यशवंत सिन्हा ने कहा कि जीवन में स्वस्थ आहार का उपयोग अपने सभी रूपों में कुपोषण को रोकने के साथ-साथ गैर संचारी रोगों को रोकने में भी मदद करता है। लेकिन तेजी से बढ़ते शहरीकरण व वैश्वीकरण पर संस्कृत खाद पदार्थों के उपभोग और बदलती जीवन शैली के कारण आहार साहित्य में महत्वपूर्ण बदलाव आया है। जिसके कारण आज लोग कुपोषित होते जा रहे हैं। अच्छे आहार लेने से लोगों के शरीर में पोषण की प्राप्ति होती है, संतुलित आहार लेने से हमारा शरीर भी स्वस्थ्य रहता है।
इसके अलावा गृह विज्ञान के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर मधु जायसवाल ने कहा की संतुलित आहार वह आहार है, जिसमें सभी पोषक तत्व जैसे प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, वसा, विटामिन, खनिज-लवण और जल शारीरिक जरूरत के हिसाब से उचित मात्रा में मौजूद हो। संतुलित आहार न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि लंबी उम्र भी प्रदान करता है। यह व्यक्ति के वजन को संतुलित रखने के साथ ही उत्तम स्वास्थ को बनाए रखने में काफी मददगार होता है। इसके इस्तेमाल से शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमताओं का विकास होता है। संतुलित आहार के लिए जरूरी है कि खाने में सभी खाद्य समूहों जैसे अनाज, दालें, हरी सब्जियां, फल, डेयरी प्रोडक्ट, अंडा, मांस, मछली, वसा, मौसम में उपलब्ध फल और सब्जियों का सेवन पर्याप्त मात्रा में किया जाए।
सेमिनार को शिक्षक प्रतिनिधि डॉक्टर शशि भूषण, प्रोफसर बिनोद अकेला, उमा पांडे ने भी संबोधित किया। वहीं मौके पर प्रोफेसर गुलाब यादव, डेगलाल महतो, रजनी कुमारी, संगीता कुमारी, दिव्या रानी, पुस्तकालय प्रभारी सपना सिन्हा सहित विभाग के कई छात्रा उपस्थित थी।