Bihar: पटाखा बिस्फोट के दौरान तीन बच्चे झुलसे, सदर अस्पताल गोपालगंज में कराया गया भर्ती



गोपालगंज, बिहार
रिपोर्ट : सत्यप्रकाश

गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के लुहसी गांव में पटाखा जलाने के दौरान तीन बच्चे बुरी तरह से झुलस गए हैं, जिन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के दौरान कई मीडिया चैनलों में बम धमाके की खबर चलाई गई है, जिसे पुलिस निराधार बता रही है।

इस मामले में पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि यह घटना बम धमाका से नहीं हुई है, बल्कि गांव में बारात आई थी और बरातियों ने खेत में पटाखे जलाए थे, जिनमें से कई पटाखे नहीं जल पाए थे। उन्ही अवशेष पटाखों को चुन कर संजय राम के तीन बच्चे आदित्य राम, अंकुश राम, तथा मोहित राम चले गए और गलती से इन बच्चों ने पटाखे को जला दिया। पटाखा के जलने पर बच्चे उसकी चपेट में आ गए, जिसमें तीनों झुलस गए।
 
इसकी जानकारी मिलने पर उचकागाव के अंचल अधिकारी तथा थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल किए, जिसमें यह बात सामने आई है। पुलिस अधीक्षक ने इस मामले को लेकर कहा कि मीडिया को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। खबर की पुष्टि किए बिना गंभीर मामलों में गलत खबर चलाने से जनता में गलत संदेश जाता है और दहशत पैदा होती है। ऐसे मामलों की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन की पुष्टि के बाद ही खबर को चलायी जानी चाहिए। अन्यथा भ्रामक और अफवाह खबर चलाने को लेकर कानून में भी सख्त प्रावधान किया गया है।