Giridih: दो पक्षों में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, पंद्रह लोग हुए गंभीर रूप से घायल, किया गया रेफर



बिरनी, गिरिडीह 
रिपोर्ट : कृष्णा वर्मा

▪️जमीन विवाद को लेकर लगाता रहा अंचल से अनुमंडल तक चक्कर

बिरनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरमाटांड़ में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई है। मारपीट में 15 लोग घायल हो गए हैं। इसमें प्रथम पक्ष से 9 तथा द्वितीय पक्ष से 6 लोग घायल हुए हैं। 

प्रथम पक्ष से घायलों की पहचान 55 वर्षीय गौरी देवी, 65 वर्षीय कुंति देवी,55 वर्षीय नारायण महतो, 23 वर्षीय रोहित वर्मा, 60 वर्षीय धनिक वर्मा, 27 वर्षीय गुड़िया देवी, 75 वर्षीय महावीर महतो, 32 वर्षीय त्रिभुवन वर्मा एवं 22 वर्षीय मुकेश वर्मा के रूप में की गई है। 

वहीं द्वितीय पक्ष से 25 वर्षीय अजय यादव, 38 वर्षीय लखन यादव, 26 वर्षीय विजय यादव, 65 वर्षीय भीखी यादव, 58 वर्षीय कुनवा देवी एवं 60 वर्षीय अलखनारायण यादव शामिल हैं। 

बता दें कि डबरसैनि कल्हाजोरी मुख्य मार्ग पर 3 बीघा जमीन के लिए धनिक महतो एवम भीखी यादव के बीच बीते 3 वर्षों से विवाद चल रहा था, जिसको लेकर दोनों पक्ष अंचल से लेकर अनुमंडल तक गए परन्तु विवाद नही सलटा। रविवार को विवाद इतना बढ़ा की दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई, जिसमें दोनों पक्षों से कुल 15 लोग घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार डॉ साकिब द्वारा किया गया। 

डॉक्टर के अनुसार 10 लोग गम्भीर रूप से घायल हैं एवम 5 लोग को मामूली चोटें आई है। प्राथमिक उपचार के बाद गम्भीर रूप से घायल लोगों को रेफर कर दिया गया है। 

घटना की जानकारी देते हुए धनिक महतो ने बताया कि न्यायालय ने हमारे पक्ष में फैसला दिया था। जिसके बाद हम अपने जमीन पर घर बना रहे थे तभी भीखी यादव ने अपने 8-10 लोगों के साथ बिना कुछ कहे हमला कर दिया। अपने बचाव में हम सब ने भी रखे ईंट, पत्थर से जवाब देने का प्रयास किया। परन्तु उनकी संख्या अधिक होने की वजह से हमारे पक्ष के लोग अधिक घायल हैं। 

वही दूसरे पक्ष के भीखी यादव ने कहा हम सब काम रोकने के लिए गए थे, परंतु उन्होंने हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि यह सब राजस्व कर्मचारी इंद्रदेव पंडित के कारण से हुआ है। उन्होंने समय पर अधिकारियों को रिपोर्ट नही भेजा, जिस वजह से विवाद बढ़ता गया और मामला मारपीट तक पहुँच गया। 

इधर, सीओ अशोक राम ने कहा कि साप्ताहिक छुट्टी होने के कारण क्या रिपोर्ट है नही बता सकते हैं।