Metro Updates: पानी के अंदर जल्द दौड़ेगी मेट्रो, इस राज्य में टेस्टिंग के बाद शुरू होगी सर्विस


कोलकाता

अब लंदन-पेरिस की तर्ज पर भारत को भी जल्द ही अंडरवाटर मेट्रो मिलने जा रही है। जी हां, जल्द ही देश की पहली अंडरवाटर मेट्रो शुरू होने जा रही है। इसके लिए टेस्टिंग चल रही है, जिसके बाद इसे शुरू किया जाएगा. देश की पहली अंडरवाटर मेट्रो कोलकाता में शुरू होगी। इससे लोगों को पानी के अंदर मालदीव जैसा अहसास होगा। पहली अंडरवाटर मेट्रो कोलकाता में हुगली नदी में बनी सुरंग से गुजरेगी। इसमें 6 कोच होंगे, इसके अलावा भी इस ट्रेन की कई खासियतें हैं जो आज हम आपको बताने जा रहे हैं.

टेस्टिंग के बाद सर्विस शुरू होगी 

कोलकाता ईस्ट-वेस्ट मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत 6 कोच वाली दो मेट्रो की टेस्टिंग की जानी है। इन ट्रेनों का ट्रायल एस्प्लेनेड और हावड़ा ग्राउंड के बीच 4.8 किमी की दूरी पर किया जाएगा।

देश की पहली मेट्रो कोलकाता में ही चली थी

बता दें, देश की पहली मेट्रो सेवा भी साल 1984 में कोलकाता में हुई थी। इसके बाद दूसरी मेट्रो दिल्ली में साल 2002 में शुरू की गई थी। जिसके बाद अब कई शहरों में मेट्रो सेवा शुरू हो चुकी है। वहीं, पहली अंडरवाटर मेट्रो कोलकाता में ही शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

दिसंबर तक काम पूरा कर लिया जाएगा 

KMRC यानी कोलकाता मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के मुताबिक, पहली अंडरवाटर मेट्रो की सर्विस इस साल दिसंबर से शुरू हो जाएगी। इसका काम अभी भी जारी है और इसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। 

लंदन और पेरिस की तर्ज पर दौड़ेगी मेट्रो 

भारत की पहली अंडरवाटर मेट्रो ट्रेन लंदन-पेरिस की तर्ज पर चलाई जा रही है। इस अंडरवाटर मेट्रो की तुलना लंदन के यूरोस्टार से की गई है, जो लंदन और पेरिस को अंडरवाटर रेल लिंक से जोड़ती है। इस ट्रेन के शुरू होने से लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी।

120 करोड़ खर्च होंगे 

इस मेट्रो टनल को बनाने में करीब 120 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा हौज खास के बाद कोलकाता का हावड़ा स्टेशन सबसे ज्यादा 33 मीटर गहरा होगा। वर्तमान में हौज खास को 29 मीटर तक का सबसे गहरा स्टेशन माना जाता है।