Bihar: गोपालगंज जिले के कुचायकोट में भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्री विष्णु महायज्ञ का हुआ शुभारंभ


गोपालगंज, बिहार 
रिपोर्ट : सत्य प्रकाश

गोपालगंज जिले के कुचायकोट प्रखंड के विजयी ब्रह्मस्थान प्रांगण से शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्री विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। इस कलश यात्रा में 5 हजार से अधिक कन्याओं ने माथे पर कलश लेकर यात्रा पूरी की। वहीं, इस अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
 
बता दें सुबह 7:00 बजे से ही महायज्ञ के पावन स्थल पर श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ था। भारी संख्या में पहुंची महिलाएं कलश यात्रा में शामिल हुई। महायज्ञ समिति द्वारा बड़ी संख्या में कलश की व्यवस्था की गई थी। सुबह करीब 9:00 बजे 5 हजार से अधिक कन्याओं के बीच कलश वितरित करने के बाद विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोचार के बीच विधि विधान से कलश यात्रा रवाना हुई। 

जय श्री राम के उदघोष के साथ कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु पूरे वातावरण को गुंजायमान कर रहे थे। भीषण गर्मी को देखते हुए जगह-जगह स्वयंसेवकों द्वारा कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के पेयजल और शरबत आदि की व्यवस्था की गई थी । 

महायज्ञ स्थल से निकली कलश यात्रा उचकागांव से कुचायकोट बजार से होते हुए पहाड़पुर गांव स्थित सरोवर के किनारे पहुंची जहां 11 विद्वान पंडितों के देखरेख में कलश में जल भरने का कार्य पूर्ण किया गया। 

पुनः यहां से कलश यात्रा पहाड़पुर से होते हुए महायज्ञ स्थल पर पहुंचकर समाप्त हुई। महायज्ञ से जुड़े यज्ञाचार्य अयोध्या से आए पं रामजस दास जी ने बताया कि 7 दिनों तक चलने वाले इस श्री विष्णु महायज्ञ में कथा वाचक के रूप में काशी से प्रख्यात कथा वाचिका सुश्री शालिनी त्रिपाठी तथा अयोध्या से कथा व्यास मधुसुधन शास्त्री महाराज को आमंत्रित किया गया है। 

वही महायज्ञ में प्रतिदिन रामलीला का भी आयोजन किया जाएगा जिसका दर्शक आनंद उठा सकेंगे ।महायज्ञ के दौरान प्रत्येक दिन मंदिर समिति के तरफ से भंडारे की व्यवस्था होगी। यहां श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे ।5 मई को पूर्णाहुति के साथ महायज्ञ की समाप्ति होगी।