Updates: आकांक्षा दुबे के साथ मारपीट करते थे समर सिंह, एक्ट्रेस की मां ने लगाए गंभीर आरोप


Akanksha Dubey Updates

भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे आज वाराणसी पहुंच गई हैं। उन्होंने अपनी बेटी की मौत के लिए सिंगर समर सिंह को दोषी ठहराया है। मधु दुबे का आरोप है कि समर सिंह ने अपने भाई के साथ मिलकर आकांक्षा की हत्या की है।

आकांक्षा दुबे की मां का रो-रोकर बुरा हाल

दिवंगत भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां का रो-रोकल बुरा हाल है। बेटी की मौत का जिम्मेदार वह समर सिंह को ठहरा रही हैं। आकांक्षा की मां मधु दुबे का कहना है कि 'अभिनय के क्षेत्र में मेरी फूल सी बच्ची आकांक्षा ने अपनी प्रतिभा के दम पर एक अलग मुकाम बनाया था। समर सिंह ने मेरी बेटी की जिंदगी बर्बाद कर दी। वह आकांक्षा से इतनी बेरहमी से पेश आता था कि ऐसा दुश्मन भी नहीं करते हैं।' यह कहते हुए सोमवार को वाराणसी के सारनाथ थाने में भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे दहाड़े मार कर रोने लगीं।


आकांक्षा को मिली थी हत्या की धमकी

मधु दुबे का कहना है कि आकांक्षा ने रो-रोकर उन्हें सबकुछ बताया था। बीते 21 मार्च को आकांक्षा बस्ती में शूटिंग कर रही थीं, तब मोबाइल पर भोजपुरी गायक समर के भाई संजय सिंह का फोन आया था। फोन पर धमकी दे रहा था कि तुमको जान से मरवा देंगे। आकांक्षा की असिस्टेंट रेखा ने भी बताया कि मैडम सेट पर जोर-जोर से रही थीं। बता दें कि समर सिंह रविवार रात से ही गायब हैं।


समर सिंह पर आकांक्षा के साथ मारपीट का आरोप

एक्ट्रेस की मां ने आरोप लगाया कि आजमगढ़ निवासी भोजपुरी गायक समर सिंह आकांक्षा को बहुत प्रताड़ित करता था। कहा कि समर सिंह चाहता था कि आकांक्षा सिर्फ उसके साथ ही काम करे। साथ में वह एक्ट्रेस को काम करने पर पैसा नहीं देता था। किसी दूसरे की फिल्म या गाने में काम करने पर अकांक्षा के साथ मारपीट की जाती थी। कई बार जब आकांक्षा ने समर सिंह से अपने पैसे मांगे तो उसके साथ मारपीट भी की।


आकांक्षा ने नहीं उठाया था मां का फोन

अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां मधु का कहना है, 'मेरी बेटी बहुत साहसी थी। वो आत्महत्या नहीं कर सकती।' एक्ट्रेस की मां ने पुलिस-प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। आकांक्षा दुबे की मां और भाई सोमवार सुबह थाने पहुंचे। पिता छोटेलाल दुबे अभी ट्रेन में हैं। मधु ने बताया कि शनिवार शाम सात बजे मोबाइल से आकांक्षा से बात हुई थी। तब वो खुश थी। कोई परेशानी नहीं बताई। 12 बजे रात में फोन किया था तो उसने फोन नहीं उठाया था। किसी पार्टी में जाने की बात भी नहीं बताई थी। 


समर सिंह समेत दो पर केस

भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे के आत्महत्या मामले में नया मोड़ आया है। इस मामले में सारनाथ थाने की पुलिस ने भोजपुरी गायक समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य धाराओं मुकदमा दर्ज किया है। मुंबई से वाराणसी पहुंची आकांक्षा की मां की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।