तेज रफ्तार स्कूली वाहन पलटने से कई बच्चे हुए घायल, किया गया रेफर


 

बिरनी, गिरिडीह 

प्राइवेट स्कूलों द्वारा ओवरलोडिंग कर बच्चों को वाहनों से घर से लाने या घर वापस पहुंचाने के क्रम में कई बार घटनाएं घटती रहती है। शिक्षा विभाग द्वारा घटनाओं में मौन रहने से यह सिलसिला बंद नहीं हो पाता है और यह बड़े हादसे का रूप ले लेती है। 
ऐसा ही एक मामला गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखण्ड से आया है। जहां कोडरमा-जोरासाख मुख्य मार्ग स्थित पहाड़ी चौक के समीप सोमवार को आरके ग्लोबल स्कूल की बच्चों की वाहन संख्या jh11w3332 तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना से स्कूली वाहन में सवार छोटे-छोटे लगभग 25 गम्भीर रूप से घायल हो गए। घायलों में कक्षा एलकेजी के 7 वर्षीय आमरीन खातून, नर्सरी के 5 वर्षीय अरमान अंसारी, प्री नर्सरी के 4 वर्षीय सुफियान अंसारी, प्री नर्सरी के 6 वर्षीय तौसीफ अंसारी आदि शामिल हैं। सभी नईटांड निवासी बताये जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बता दें जरीडीह में आर के ग्लोबल स्कूल स्थित है। छुट्टी के बाद बच्चों को स्कूल के वाहन टाटा मैजिक वाहन से पहाड़ी चौक, नईटांड, शीतल टोला, गोरडीह आदि गाँवों में पहुंचाने जा रही थी तभी पहाड़ी चौक के पास अनियंत्रित होकर युक्त वाहन पलट गई। वाहन पलटने के बाद विद्यालय के संचालक इम्तियाज अंसारी सह प्राचार्य को सूचना दी गई। घटना के बाद संचालक घटनास्थल पर पहुँचे और सभी गम्भीर बच्चों को इधर-उधर निजी क्लिनिक में उपचार करवाने ले गए। बच्चों के कथनानुसार अनुमान लगाए जा रहा है कि उक्त वाहन में लगभग 25 बच्चे सवार थे। वहीं 4 बच्चों के परिजनों ने अपने निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनी ले गए। जहां चारो का उपचार डॉ ताज ने किया तथा गम्भीर हालत देखते हुए सभी को रेफर कर दिया। 
घटना के बाद घायल बच्चों से जानकारी लेने पर पता चला कि वाहन चालक काफी तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। बच्चों ने मना भी किया कि वाहन धीरे चलाओ लेकिन चालक ने कहा हर रोज इतने रफ्तार चलाते हैं और कुछ दूर जाते ही वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। 
वहीं घटना के बाद परिजनों ने कहा विद्यालय परिवार वाहन चलाने के लिए कम मजदूरी देकर कम उम्र के नए चालक रखते हैं, जिन्हें न बच्चों का ख्याल रहता है न ही वाहन का। जैसे तैसे तेज रफ्तार वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन स्कूली वाहन पलटने का मामला प्रकाश में आते रहता है। 
विगत हो कि हाल ही में राजधनवार के निजी विद्यालय में भी एक वाहन पलटी थी जिसमें कई बच्चों की घायल होने की सूचना प्राप्त हुई थी।